Thursday, 19 May 2016

आसमान नीला क्यूँ होता है!


हाँ मेरी भी कुछ ऐसी ही प्रतिक्रिया थी जब ये सवाल मेरे कानो में पड़ा| पीछे मुड़ कर देखा तो एक 6 साल का बच्चा गुस्से में लाल जैसे अभी किसी से किसी बात पे भिड़ के आया हो मुझे पूछ रहा भैया बताओ न ये आसमान नीला क्यूँ होता है?? पहले तो मैंने सोचा इसको आज भौतिक विज्ञान के प्रकाश के प्रकीरण (scattering of light ) का सिधांत समझा ही देता हूँ और चलता करता हूँ| फिर न जाने मै क्यूँ मुस्कुराने लगा क्यूंकि लगभग इसी उम्र में मैंने ये सवाल किसी से पूछा था और मुझे जो जवाब मिला उस पर मै आज तक हँसता हूँ, हांलाकि कई सालों तक मै उसे सच ही मानता रहा जब तक ये भौतिक विज्ञान से मेरा पाला नहीं पड़ा| वैसे बताने को तो मै उसे कोई न कोई जवाब उसकी उम्र के हिसाब से बता ही देता पर मैंने उस बच्चे से नादान बनते हुए बोला  “ कल बताता हूँ पक्का ” उसने सोचा तो होगा कि क्या है ये इतना बड़ा हो गया और इतना भी नहीं पता...पर मेरे न बताने के पीछे शायद मेरा मन भी इस सवाल का सही जवाब खोजना चाहता था जो विज्ञान या और किसी ने मुझे कभी नहीं दिया, मैंने सोचा क्यूँ न इसका जवाब सीधा आसमान से ही पुछा जाये! पर भाई ये तो मुश्किल हो गयी आसमान से कांटेक्ट कैसे करूं?? रात हो चुकी थी और छत पे लेटा हुआ आसमान कि ओर देखते हुए बस यही सोचे जा रहा था “ऊपर आसमान से कांटेक्ट कैसे करूँ??” फिर सोचा पता नहीं ऊपर कौन सी टेक्नोलॉजी चलती है? अभी भी तार से कांटेक्ट होता है या वो लोग भी मोबाइल पे अपडेट हो गए है?? अगर अपडेट हो गये है तो नेटवर्क कौन सा प्रयोग कर रहे है एयरटेल या रिलायंस ?? अब तो 4G आ गया है और कही एयरटेल वाली लड़की ऊपर तक तो नहीं पहुँच गयी?? उसी से जा कर नंबर लेता हूँ क्या पता उसके पास कोई टोल फ्री नंबर हो वैसे भी जिस हिसाब से ये होड़ चल रही है वहाँ तक तो पहुँच ही गए होंगे ये लोग! ये सोचते सोचते कब आँख लग गयी पता ही नहीं चला...कुछ देर बाद एक आवाज सुनाई दी अरे इतनी रात को क्यूँ परेशान कर रहा है?? मै आसमान हूँ बताओ क्या हुआ? आंखे खोली तो कोई नहीं था फिर आवाज आई “अरे मुर्ख हम टेलीपेथी पे अपडेटेड है तुम लोग अभी बहुत पीछे हो” मैंने बिना देर किय तुरंत मन में बोला फिर तो आपको सब पता ही होगा? अब बता ही दो आपका रंग नीला क्यूँ है? जवाब आया “ तुम्हे लगता है मेरा रंग अब भी नीला है ?” मैंने इतनी जो लाइट्स लगाई है अपने घर में तुम लोगो के लिय अब वो नीचे से दिखते भी नहीं, पता नही क्या करते हो तुम लोग मै ढंग से साँस भी नहीं ले पाता....बुड्ढा होने लगा हूँ अब मै सफाई भी नही कर पाता...मुझे देख पहले नीचे बच्चे अपने कॉपी के पन्नो पे मेरी तस्वीर बनाया करते थे..रात को मेरी लगाई लाइटों को गिना करते थे..उनमे न जाने कितनी कहानियाँ उकेरते थे...मेरे पास आने की, मेरे घर में घूमने कि जिद किया करते थे| एक लाइट को तो वो मामा भी कहते थे...पर अब कोई नही ये सब करता, कोई नहीं मुझसे रात को बातें करता, अकेला होने लगा हूँ मै....जबसे तुम लोगो ने ये काला रंग फैलाना शुरु किया है....अब भी तुम्हे लगता है मै नीला हूँ?? बस इतनी ही बात हो पाई मेरी उनसे...पूरी रात मै सो नहीं पाया...अगले दिन जब उस बच्चे ने पूछा मिला जवाब आपको?? मै उसे गोद में लिया और आसमान कि तरफ दिखाते हुए बोला कि “आसमान नीला है क्यूंकि तुम ये सवाल पूछ सको, आसमान नीला है क्यूँ कि वो जो सूरज देख रहे हो वहां तक जाने की सोच सको, आसमान नीला है क्यूंकि तुम उन बादलों पर स्केटिंग कर सको...आसमान नीला है क्यूंकि तुम ऐसे ही हंस सको और सुन्दर सुन्दर आसमान की तस्वीर बना सको और ये कहते हुए मैंने उसे एक रंगों का डिब्बा पकड़ाया और बोला आसमान नीला है क्यूँकि तुम इसमें और भी रंग भर सको अपने कल्पनाओ से अपनी लालच से नही!”....मुझे नहीं पता उस बच्चे को मेरा जवाब कितना समझ आया होगा पर मुझे आखिरकार मेरा जवाब मिल गया था|

No comments:

Post a Comment